देहरादून, 23 दिसम्बर। राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी देहरादून के रानी पोखरी भट्ट नगर गांव में किसानों के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खेतों में जाकर खेती-किसानी की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों का फीडबैक लिया।
कृषि मंत्री ने किसानों से उत्पादन लागत, सिंचाई व्यवस्था, बीज, खाद, कीटनाशक एवं विपणन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के साथ वर्कशॉप आयोजित कर उन्हें ऐसी फसलों के लिए प्रेरित किया जाए, जिनसे उन्हें अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। इस दौरान कृषि मंत्री ने फार्म मशीनरी बैंक का भी निरीक्षण किया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों के साथ बैठकर भोजन कर आत्मीय जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों के साथ बैठकर भोजन करना उनके परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने प्रदेश के सभी किसानों को किसान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, कृषि यंत्रों के लिए फार्म मशीनरी बैंक, 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, बागवानी, पॉलीहाउस, आधुनिक कृषि तकनीक, मुफ्त सिंचाई सुविधा तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना, कृषि को आधुनिक बनाना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती, आधुनिक तकनीक के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम से पूर्व कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए समर्पित रहा है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गीतांजलि, जैविक बोर्ड सदस्य निरंजन डोभाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण शर्मा, सतीश सेमवाल, संदीप भट्ट, इंद्र पाल सिंह, एके उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
ओए







