जौनसार-बावर क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विद्यालयों व स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण, महासू मंदिरों में किए दर्शन
देहरादून, 22 दिसम्बर 2025।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत इन दिनों जनजातीय एवं सीमावर्ती क्षेत्र जौनसार-बावर के दो दिवसीय भ्रमण पर हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र में स्थित विद्यालयों एवं चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षिक व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के पहले दिन कैबिनेट मंत्री ने हनोल स्थित महासू देवता मंदिर में दर्शन-पूजन कर देवभूमि उत्तराखंड की जनता की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने एएनएम सेंटर, हनोल का निरीक्षण किया, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद डॉ. धन सिंह रावत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, त्यूनी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपचाराधीन मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय व्यवहार और सुविधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
भ्रमण के क्रम में कैबिनेट मंत्री ने मैंद्रथ में बाशिक महासू देवता के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। तत्पश्चात उन्होंने स्वर्गीय पंडित झांऊतराम शर्मा राजकीय इंटर कॉलेज, अटाल का भ्रमण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें परिश्रम, संस्कार एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया तथा विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की। साथ ही शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

Leave a Comment

और पढ़ें