मुंबई 19 दिसंबर
दिसंबर 2025। सोनी सब का पौराणिक धारावाहिक गाथा शिव परिवार की – गणेश कार्तिकेय दर्शकों को भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की कम प्रचलित कथाओं से रूबरू करा रहा है। आध्यात्मिक भव्यता और पारिवारिक भावनाओं के संगम के साथ यह शो प्रेम, कर्तव्य, संघर्ष और क्षमा की गहराई को दर्शाता है।
आगामी एपिसोड्स में भगवान गणेश (निर्णय समाधिया) का रिद्धि (नारायणी वर्णे) और सिद्धि (श्रेया पटेल) के साथ विवाह होने जा रहा है। विवाह की तैयारियों और उत्सवों से वातावरण आनंदमय हो उठता है, लेकिन इसी बीच एक बड़ा संकट खड़ा हो जाता है। बरात निकलने से ठीक पहले यह चौंकाने वाली खबर आती है कि रिद्धि और सिद्धि के पिता भगवान ब्रह्मा (आरके दत्ता) का अपहरण कर लिया गया है।
इस अपहरण के पीछे सिन्धुरासुर (निर्भय वाधवा) की साजिश होती है, जो इस दिव्य विवाह को रोकना चाहता है। उसे विश्वास है कि भगवान गणेश का यह विवाह ही उसके अंत की शुरुआत बनेगा। भगवान ब्रह्मा के अपहरण की खबर मिलते ही भगवान गणेश बिना विलंब किए उन्हें बचाने के लिए निकल पड़ते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भगवान गणेश समय रहते भगवान ब्रह्मा को मुक्त कराकर अपने विवाह के लिए लौट पाएंगे।
शो में भगवान गणेश की भूमिका निभा रहे निर्णय समाधिया ने कहा कि भगवान गणेश अपनी शादी को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें भगवान ब्रह्मा के संकट में होने का पता चलता है, उनके लिए कर्तव्य सर्वोपरि हो जाता है। यह प्रसंग दर्शाता है कि साहस, धर्म और जिम्मेदारी उम्र से नहीं, बल्कि कर्म से तय होते हैं।
गाथा शिव परिवार की – गणेश कार्तिकेय हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, केवल सोनी सब पर प्रसारित होता है।








