होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने किया रैतिक परेड का निरीक्षण,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 8 दिसंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में आयोजित 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रैतिक परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका–2025 और विभागीय कैलेंडर–2026 का विमोचन किया। साथ ही सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड्स के आश्रितों को चेक भी वितरित किए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ करते हुए कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा। राज्य में अंतरजनपदीय ड्यूटी में तैनात स्वयंसेवकों को मिलने वाला भोजन भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिदिन किया गया है। नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण भत्ते को भी 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट रैतिक परेड होमगार्ड्स जवानों की अनुशासन, कौशल और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया है, वहीं महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा भी शुरू की गई है। पुलिस और एनडीआरएफ कर्मियों की तर्ज पर 9 हजार फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स को 200 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि तथा एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षण प्राप्त जवानों को 100 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

सीएम धामी ने कहा कि होमगार्ड्स जवान हर मौसम और परिस्थिति में पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं—चाहे यातायात प्रबंधन हो, कानून व्यवस्था बनाए रखना, कुंभ व कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन, या फिर चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की मदद। हरिद्वार और चारों धामों में स्थापित होमगार्ड हेल्प डेस्क देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय होमगार्ड्स की त्वरित प्रतिक्रिया और समर्पण सराहनीय है, और राज्य सरकार उनके उत्साह व मनोबल को उचित सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार भविष्य में भी होमगार्ड्स के हितों के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कदम उठाती रहेगी।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड पी.वी.के. प्रसाद सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें