
देहरादून, 5 दिसंबर 2025। देवभूमि उत्तराखंड और सिख समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग को सम्मान देते हुए केंद्र सरकार ने टनकपुर (उत्तराखंड) से तख्त श्री नांदेड़ साहिब (महाराष्ट्र) तक नई रेल सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इस ऐतिहासिक फैसले से नांदेड़ साहिब की यात्रा अब उत्तराखंड के हजारों श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बन जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल वर्षों पुरानी मांग को पूरा करती है, बल्कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर से प्रस्तावित यह रेल सेवा तराई क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ प्रदान करेगी। इसके माध्यम से उत्तराखंड और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क और मजबूत होगा तथा सामाजिक-सांस्कृतिक एकता को नया आयाम मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड की कनेक्टिविटी बढ़ाने, धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। नई रेल सेवा से न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई दिशा मिलेगी।
टनकपुर–नांदेड़ साहिब रेल संपर्क को प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे उत्तराखंड देश के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित होगा।









