
सुरक्षा प्रोटोकॉल, लॉकिंग सिस्टम और सीसीटीवी व्यवस्था का किया विस्तृत परीक्षण
देहरादून, 05 दिसम्बर ।
भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल ने रायपुर ब्लॉक के तपोवन रोड स्थित आवासीय परिसर में बने EVM–VVPAT वेयरहाउस का निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत त्रैमासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी सभी EVM और VVPAT मशीनों के भौतिक सत्यापन के साथ-साथ सुरक्षा मानकों की विस्तार से जांच की। उन्होंने द्विस्तरीय लॉकिंग सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरणों, रिकॉर्ड मेंटेनेंस और मशीनों के रख-रखाव की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की तकनीकी या भौतिक त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आयोजित इस निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने निरीक्षण की पारदर्शिता तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भी उपस्थित रहे।









