देहरादून, 04 दिसंबर 2025। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की पासिंग आउट परेड के मद्देनज़र शहर में 6 दिसंबर से 13 दिसंबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। मीडिया सेल देहरादून द्वारा जारी प्रेस नोट संख्या 4376 के अनुसार परेड वाले दिनों में आईएमए के आसपास का इलाका पूरी तरह जीरो ज़ोन रहेगा और किसी भी प्रकार के वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 6, 9 और 11 दिसंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक, इसके अलावा 11 और 12 दिसंबर को शाम 4 बजे से 7:30 बजे तक, तथा मुख्य परेड दिवस 13 दिसंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। पुलिस का कहना है कि भीड़ और दबाव की स्थिति में डाइवर्ट के समय में आवश्यकतानुसार बदलाव भी किया जा सकता है।
डाइवर्ट प्लान के अनुसार बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहन रांघडवाला तिराहा और मिठी बेरी मार्ग होकर भेजे जाएंगे, जबकि प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक से दरू चौक/मिठ्ठी बेरी होते हुए शिमला बाइपास—निरंजनपुर मंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में प्रेमनगर से आने वाले वाहनों को एमटी सेक्शन गेट से आईएमए परिसर के भीतर से रांघडवाला की दिशा में भी भेजा जा सकता है।
सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव के रास्ते शहर की ओर लाया जाएगा। वहीं देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाइपास से ही डायवर्ट कर विकासनगर व धर्मावाला की ओर भेजा जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे परेड दिवसों में अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।









