मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने चम्पावत में विकास परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत, 02 दिसम्बर 2025 |

मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को जिला सभागार चम्पावत में जिले की सभी प्रमुख विकास योजनाओं, जनपदीय नवाचारों, मुख्यमंत्री घोषणाओं, केंद्र–राज्य व्यय एवं श्रेष्ठ प्रथाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने गोल्ज्यू कॉरिडोर, कृषि महाविद्यालय, पैरामेडिकल कॉलेज, छमनिया स्पोर्ट्स महाविद्यालय, यूयूएसडीए पेयजल योजना, एनएच स्वाला सुधार योजना सहित अनेक परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इन योजनाओं का संपूर्ण विवरण जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।

बैठक से पूर्व मुख्य सचिव ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, जिनमें एनआरएलएम, उत्तराखण्ड चाय विकास बोर्ड, डेयरी, कृषि, मत्स्य, रेशम, बागवानी, उद्योग, अक्षय ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों ने अपनी उपलब्धियाँ, नवाचार और उत्पाद प्रदर्शित किए। उन्होंने इन नवाचारों को और अधिक विस्तार एवं प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला सभागार में उन्होंने “आदर्श चम्पावत” का लोगो भी अनावरण किया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले में संचालित प्रमुख नवाचार—ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी, ज्ञान सेतु पुल, कम्प्यूटर ऑन व्हील, पिरुल ब्रिकेटिंग यूनिट आदि की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य सचिव ने पंचेश्वर में एंग्लिंग पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष वार्षिक एंगलर्स मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चम्पावत–लोहाघाट मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख विकास परियोजनाएँ—विशेषकर रेलवे विस्तार—मास्टर प्लान में सम्मिलित की जाएं।

उन्होंने अंडरग्राउंड विद्युतिकरण कार्यों की समीक्षा कर मेंटेनेंस के लिए व्यवस्थित दीर्घकालिक योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। आगे कहा कि पूंजीगत व्यय बढ़ाया जाए, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, वर्क प्लान के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किए जाएं और पब्लिक ग्रीवांस व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए चम्पावत को एक आदर्श, योजनाबद्ध और तेज गति से विकसित होने वाला जनपद स्थापित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण व समीक्षा के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें