किसानों की 42 करोड़ की सब्सिडी अटकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धस्माना बोले—एप्पल मिशन में सरकार ने किया किसानों से धोखा
545 किसानों की मेहनत पर पानी फेर रही सरकार, कांग्रेस ने की तत्काल भुगतान की मांग

देहरादून 13 अक्टूबर ।उत्तराखंड में राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत चलाए गए एप्पल मिशन में 545 किसानों की करीब 42 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि अब तक जारी न होने पर कांग्रेस ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार किसानों की गाढ़ी कमाई और केंद्र की सब्सिडी दोनों दबाए बैठी है।

धस्माना ने कहा कि केंद्र सरकार के राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत किसानों को यह कहकर सेब के बाग लगाने के लिए प्रेरित किया गया था कि केंद्र 70 प्रतिशत और राज्य 10 प्रतिशत सब्सिडी देगा, जबकि किसान केवल 20 प्रतिशत लागत वहन करेंगे। किसानों ने इस भरोसे पर अपनी पूंजी और बैंक से कर्ज लेकर बाग लगाए, लेकिन चार से पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद उन्हें सब्सिडी की राशि नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि किसानों का कहना है कि कृषि एवं बागवानी विभाग ने सीबीआई जांच का हवाला देकर भुगतान रोक रखा है, जबकि जांच विभागीय अधिकारियों की हो रही है, न कि किसानों की। इससे किसानों पर कर्ज बढ़ता जा रहा है और बागवानी करना अब उनके लिए मुश्किल हो गया है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को बरगलाकर “मिशन एप्पल” के नाम पर बड़ा घोटाला कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य सरकार किसानों का बकाया भुगतान जारी नहीं करती, कांग्रेस इस मुद्दे पर किसानों के पक्ष में आंदोलन छेड़ेगी।

उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत एप्पल मिशन की सब्सिडी राशि किसानों के खातों में जारी करे और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करे।

> “राज्य सरकार ने किसानों की मेहनत की कमाई और केंद्र की सब्सिडी दोनों पर कुंडली मार रखी है। अगर किसानों को उनका हक नहीं मिला तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।”
— सूर्यकांत धस्माना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उत्तराखंड

Leave a Comment

और पढ़ें