कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया पीएम मोदी के कृषि परियोजना कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली और अल्मोड़ा को मिला पीएम धन-धान्य कृषि योजना में स्थान

देहरादून 11 अक्टूबर । कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल हॉल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कृषि क्षेत्र से जुड़े ₹42,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैंट विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा से ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ की शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी 1100 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई पीएम धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य देश के 100 कम उत्पादक जिलों को विकसित करना है। इस योजना के तहत कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण, सिंचाई व भंडारण सुधार तथा किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। योजना छह वर्षों तक चलेगी, जिसमें प्रति वर्ष ₹24,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि इस योजना के तहत उत्तराखंड के चमोली और अल्मोड़ा जिलों का चयन किया गया है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना किसानों के जीवन में नई आशा और ऊर्जा का संचार करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जितनी चिंता सीमा पर तैनात जवान की करते हैं, उतनी ही किसान की भी करते हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने कृषि नवाचार, मूल्य संवर्द्धन और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाए हैं।

मंत्री जोशी ने बताया कि प्रदेश में 5.51 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र है और यहाँ की भौगोलिक स्थिति फल, सब्जी, मसाला, पुष्प, मशरूम और शहद उत्पादन के लिए अनुकूल है। उन्होंने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में खाद्यान्न उत्पादन में तेजी है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्यानिकी विकास की अपार संभावनाएँ हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्थानीय फसलों — मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, भट्ट, राजमा और लान धान — के संवर्धन और संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है।

मंत्री जोशी ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 102 महिला कृषक समूहों को ड्रोन वितरित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाएं आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेती को लाभकारी बना सकेंगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में कृषि, मत्स्य और पशुपालन क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, जैविक परिषद उपाध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, अपर सचिव ग्राम्य विकास झरना कमठान, आयुक्त ग्राम्य विकास अनुराधा पाल सहित कई अधिकारी और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें