वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय विश्वविख्यात आई.ई.ई.ई. दिवस-2025

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 10 अक्टूबर ।
वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून परिसर में महिला प्रौद्योगिकी संस्थान की आई.ई.ई.ई. डब्लू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच द्वारा तीन दिवसीय विश्वविख्यात आई.ई.ई.ई. दिवस-2025 का आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में तकनीकी, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का समागम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. ओंकार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। पहले दिन आई.ई.ई.ई. डब्लू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच का न्यूजलेटर भी लांच किया गया, जिसका उद्देश्य उत्तराखंड के छात्रों, शिक्षकों और समाजसेवियों तक आई.ई.ई.ई. के कार्यों और अवसरों की जानकारी पहुंचाना है। कुलपति प्रो. सिंह ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय के सभी संस्थानों को आई.ई.ई.ई. गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया। कुलसचिव डॉ. उपाध्याय ने छात्रों की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान करने की घोषणा की।
दूसरे दिन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रो.(डॉ.) जगमोहन सिंह राणा ने छात्रों को प्रेरणादायक व्याख्यान दिया और भविष्य निर्माण से संबंधित मार्गदर्शन किया। इसके बाद तकनीकी व सामाजिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. अंकुर दुमका और श्रीमती नीतू प्रजापति को सम्मानित किया गया।तीसरे दिन सेट-अप-सक्सेस के श्री मंजीत सिंह ने छात्रों को विदेश में शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर व्याख्यान दिया, जिसे विद्यार्थियों ने अत्यंत उपयोगी बताया। दोपहर के बाद सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में कुल 19 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन सत्र में विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। निदेशक प्रो. पांडा और ब्रांच काउंसलर के.सी. मिश्रा ने प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ब्रांच काउंसलर के सी मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले स्टूडेंट ब्रांच अधिकारियों — अदिति चंद, शिवानी धोनी, ईप्शा सिंह, प्रियांशी जोशी, निशा बिष्ट, कृतिका पांडे, अध्या गुप्ता, आर्ची अग्रवाल तथा सभी 40 सदस्यीय टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें