लैब तकनीशियनों का धरना छठवें दिन भी जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 24 मई । एकता विहार धरना स्थल पर बेरोजगार मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को छठवें दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे तकनीशियनों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर त्रिस्तरीय बैठक कराने का प्रयास करेंगे। इस बैठक में संगठन के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य महानिदेशक और कार्मिक एवं वित्त विभाग के अधिकारियों को शामिल करने की बात कही गई।रविंद्र जुगरान ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हो पाई हैं। सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज आज भी रेफरल सेंटर की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब तक उत्तर प्रदेश की पुरानी नियमावली में बदलाव नहीं कर पाई, जिसके कारण लैब तकनीशियनों के पद विज्ञापित नहीं हो सके।
धरनारत तकनीशियनों की प्रमुख मांगों में आईपीएचसी मानकों के अनुसार पद सृजन, वर्षवार मेरिट के आधार पर नियुक्ति, आयु सीमा में एकमुश्त छूट और सरकारी लैबों के निजीकरण पर रोक शामिल है। जुगरान ने इन सभी मांगों को उचित ठहराया।धरना स्थल पर संघ के अध्यक्ष आशीष खाली, महासचिव मयंक राणा, उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट सहित डॉली पोखरियाल, तरुणा जगूड़ी, शैफाली, प्रीति, राजमोहन नेगी, प्रवीण पंवार, लोकेंद्र भट्ट, राहुल देव, विकास अवस्थी, अमित जोशी और संजय जोशी समेत कई तकनीशियन मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें