चंपावत(अनिल भट्ट)30 दिसंबर ।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन की स्वीप टीम द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को टनकपुर पहुंची 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल यात्रा एवं शुभंकर के साथ स्वीप अभियान का संचालन किया गया
। खेल विभाग के साथ सामंजस्य कर स्वीप टीम चंपावत द्वारा नव वर्ष नए मतदाता, मतदाता बनें चैंपियन बनें, सशक्त महिला, सशक्त मतदाता, वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम, थीम पर जागरूकता रैली के साथ मतदाता शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिन युवाओं को 1 जनवरी 2025 को 18 साल पूरे हो रहे हों उन्हें निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने को प्रारूप 6 में आवेदन करने की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट,स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी जीवन कलौनी, त्रिलोचन जोशी, कल्पना आर्य,सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और आम जन मौजूद रहे।








