
रुद्रपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर में आयोजित न्यूज 18 समूह के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में प्रदेश के विकास विजन को साझा करते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और राज्य की औद्योगिक तथा आर्थिक प्रगति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर आज प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क संपर्क व्यवस्था का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य सड़क परियोजनाओं से प्रदेश में यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज हुआ है, जिसका लाभ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और आम जनता को मिल रहा है।उन्होंने कहा कि किच्छा में दूसरे एम्स का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर कुमाऊं मंडल, ऊधम सिंह नगर और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी तेजी से प्रगति पर है, जिसे जल्द जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव होगा, जिससे पर्यटन, निवेश, उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे गांवों के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की “प्रथम गांव” की अवधारणा के अनुरूप सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर को “मिनी इंडिया” बताते हुए कहा कि यहां देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग वर्षों से भाईचारे और सौहार्द के साथ रह रहे हैं, जो इस जनपद की सबसे बड़ी ताकत है।
भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त करा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवाओं के हित में लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है, जिससे भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए दंगा विरोधी कानून भी लागू किया गया है। अब सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों से ही क्षतिपूर्ति कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक प्रदेश समान रूप से विकसित होगा। राज्य सरकार इसी सोच के साथ कार्य कर रही है और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर तथा विकसित उत्तराखंड देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








