
देहरादून 24 जून। जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार को घेरा। प्रेस वार्ता को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने संबोधित किया।
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले छात्र-छात्राएं बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी के कारण मानसिक तनाव, असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के चलते युवाओं का सरकारी नौकरियों और परीक्षा प्रणाली से विश्वास लगातार कम होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मेहनती युवाओं को अपनी योग्यता साबित करने से अधिक व्यवस्था की विफलताओं से संघर्ष करना पड़ रहा है।
डॉ. गोगी ने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी अनिश्चितता, पेपर लीक और उससे उत्पन्न तनाव के कारण कई छात्र-छात्राएं मानसिक दबाव में आ रहे हैं। यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि युवाओं के प्रति व्यवस्था की असंवेदनशीलता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानती है कि बार-बार होने वाले पेपर लीक और परीक्षाओं के निरस्तीकरण केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। इससे सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है और युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भाजपा सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पटवारी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र भी लीक हो जाता है।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक भाजपा सरकार ऐसी कोई परीक्षा निष्पक्ष रूप से नहीं करा पाई, जिस पर धांधली के आरोप न लगे हों। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों के कथित मास्टरमाइंड हाकम सिंह की कमजोर पैरवी के कारण रिहाई हुई और उसके बाद फिर पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे के दौरान यह तथ्य सामने आया कि लाखों छात्र केवल पांच प्रमुख परीक्षाओं की तैयारी पर सरकार के शिक्षा बजट से तीन गुना अधिक खर्च कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के गठन के बाद से अब तक 89 परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से 49 परीक्षाएं दोबारा आयोजित करनी पड़ीं, जिससे छात्रों का मनोबल प्रभावित हुआ है।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र और राज्य सरकार से मांग करती है कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नकल माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह तथा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







