
देहरादून, 24 जून। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा की उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित देहरादून प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने देहरादून निवासी अंकित कुमार को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने कहा कि उत्तराखंड में अति पिछड़ा वर्ग के लोगों पर हो रहे अत्याचार और शोषण को रोकने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोर्चा समय-समय पर अति पिछड़े वर्ग के हक और हितों की आवाज मजबूती से उठाता रहा है और आगे भी उठाता रहेगा। मोहन प्रजापति ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अंकित कुमार से अपेक्षा व्यक्त की कि वे पूरे प्रदेश में संगठन की नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर संगठन को मजबूत बनाने और उसे नई गति प्रदान करने का कार्य करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश प्रभारी डॉ. राजवीर सिंह प्रजापति, वरिष्ठ नेता सुंदर लाल प्रजापति, मुकेश, राज चौहान, सुरेश, मासूम अली, ललित, आशिफा, कन्हैया, वरिष्ठ नेता सुमित प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








