मेडिकल लैब तकनीशियन 20 जून को करेंगे मुख्यमंत्री आवास कूच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 20 जून को मुख्यमंत्री आवास कूच एवं घेराव करेंगे। संगठन की ओर से मीडिया को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रदेश के डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियन पिछले 31 दिनों से एकता विहार, देहरादून स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

संगठन का कहना है कि उत्तराखंड राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों के लिए न तो सेवा नियमावली बनाई गई है और न ही नियमित रूप से पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसके कारण हजारों प्रशिक्षित और पंजीकृत युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जबकि प्रदेश के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में तकनीकी कार्मिकों की कमी बनी हुई है।
तकनीशियनों की प्रमुख मांगों में भारतीय जनस्वास्थ्य मानकों (आईपीएचएस) के अनुरूप मेडिकल लैब तकनीशियनों के पदों का सृजन, वर्षवार मेरिट के आधार पर सेवा नियमावली लागू कर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शुरू करना, भर्ती न होने के कारण आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु में छूट देना तथा सरकारी प्रयोगशालाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाना शामिल है।
संगठन के महासचिव मयंक राणा ने बताया कि मांगों के समाधान के लिए 20 जून को प्रातः 11 बजे गांधी पार्क, राजपुर रोड से मुख्यमंत्री आवास कूच एवं घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन बेरोजगार युवाओं के भविष्य और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

Leave a Comment

और पढ़ें