उत्तराखंड में रेलवे विस्तार को मिलेगी नई गति,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 19 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। बैठक में राज्य में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं तथा भविष्य की रेलवे आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे संपर्क व्यवस्था को मजबूत करना राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की महत्वाकांक्षी एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसके कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा, विशेषकर श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाएगी।
बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि परियोजना का सर्वेक्षण और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा जताई कि नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति दिखाई देगी। उन्होंने कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन तथा किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजनाओं को भी क्षेत्रीय संतुलित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में तीर्थाटन और पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मंडल में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की तथा कुमाऊँ मंडल में हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर रेलवे स्टेशन प्रदेश के प्रमुख प्रवेश द्वार हैं। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं के विस्तार की आवश्यकता है।
उन्होंने आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप विशेष सुविधाएं विकसित करने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग के दोहरीकरण की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि बैठक में जिन विषयों पर चर्चा हुई है, उन पर पूरी गंभीरता और प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।
बैठक में सचिव बृजेश कुमार संत तथा अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें