नीति घाटी में रोमांच का महाकुंभ, ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का शानदार समापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली, 02 जून। सीमांत जनपद चमोली की खूबसूरत और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी तीन दिनों तक रोमांच, रफ्तार और संस्कृति का केंद्र बनी रही। 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। आयोजन के अंतिम दिन गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागियों ने कठिन पहाड़ी रास्तों पर अपने साहस और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

दुर्गम ट्रैक, ऊंचे पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वातावरण के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 30 किलोमीटर पुरुष वर्ग में खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू ने प्रथम स्थान हासिल किया। सूरज राणा मगर दूसरे और प्रकाश थापा मगर तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अवनी डरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि संध्या मौर्या और इंद्रा कुमारी तमांग क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।वहीं 15 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रज्जवल चौहान विजेता बने। इशांत सिंह अधिकारी ने दूसरा और अश्विन रौथान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने भागीदारी की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं को फिटनेस और साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा।पूरे आयोजन के दौरान नीति घाटी खेल, साहसिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों से गुलजार रही। स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग और अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ ने एक बार फिर साबित किया कि उत्तराखंड की सीमांत घाटियां साहसिक पर्यटन और खेल गतिविधियों के लिए अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें