
देहरादून, 06 मई 2026 ।प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी सरकारी स्कूलों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्कूलों में बुक बैंक स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी किताबें वापस जमा करें, जिससे अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को वितरित किया जा सके। इससे हर साल नई किताबें छपवाने में होने वाले करोड़ों रुपये के खर्च में कमी आएगी।
उन्होंने क्लस्टर विद्यालयों में कक्षाओं और छात्रावासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा और इसके लिए नाबार्ड से फंडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी स्कूलों में बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई के लिए स्थायी मैकेनिज्म तैयार किया जाए और इसके लिए अलग से बजट की व्यवस्था भी की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालयों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके और वे ज्ञानवर्धन कर सकें।बैठक में सचिव रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा मुकुल कुमार सती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







