
देहरादून 05 मई। देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर शिव मंदिर के निकट क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए स्थायी डबल लेन पुल के निर्माण कार्य का मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधिवत शिलान्यास किया। यह पुल 12 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री ने पुल निर्माण को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह पुल मसूरी की लाइफलाइन के रूप में कार्य करता है। राज्य सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान यहां स्थित पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद अस्थायी रूप से वैली ब्रिज बनाकर यातायात सुचारू किया गया था, जो वर्तमान में उपयोग में है। लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार के अनुसार, राज्य योजना के अंतर्गत देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 के किमी 18 पर 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील बॉक्स सेतु बनाया जाएगा। परियोजना में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर, 7.50 मीटर चौड़ा कैरिजवे (दो लेन), दोनों ओर 3 मीटर फुटपाथ, रेलिंग और क्रैश बैरियर जैसी सुरक्षा सुविधाएं शामिल होंगी। निर्माण कार्य को 21 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।शिलान्यास कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, सुन्दर सिंह कोठाल, वंदना बिष्ट, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








