
देहरादून 05 मई।देहरादून नगर निगम द्वारा किन्नर समुदाय की पारंपरिक बधाई राशि को लेकर किए गए शुल्क निर्धारण के निर्णय का स्थानीय किन्नर समाज ने जोरदार स्वागत किया है। समुदाय ने इसे एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि इससे समाज में पारदर्शिता, सम्मान और आपसी सामंजस्य को बढ़ावा मिलेगा।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय उनकी आजीविका को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, इससे समाज में उनकी गरिमा और पहचान को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे, जिससे सभी वर्गों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।इस अवसर पर किन्नर समुदाय ने नगर निगम के माननीय मेयर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में लिया गया यह फैसला एक नई दिशा देने वाला है। समुदाय ने नगर निगम प्रशासन का धन्यवाद करते हुए इसे सामाजिक समावेश और समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।अंत में किन्नर समाज ने देहरादून की जनता से अपील की कि वे इस सकारात्मक पहल का समर्थन करें और समाज में प्रेम, सम्मान व सहयोग की भावना को आगे बढ़ाएं। प्रेस वार्ता में किन्नर अनुष्का चौहान,निशा चौहान, करिश्मा, अलीशा, सोनिया,आदिती शामिल रहे ।







